रायसेन में भीषण सड़क हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो बसें, 3 यात्रियों की मौत, 15 घायल

0

रायसेन में भीषण सड़क हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो बसें, 3 यात्रियों की मौत, 15 घायल
रायसेन। जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल-सागर मार्ग पर सेहतगंज टोल प्लाजा के पास दो यात्री बसें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस अनियंत्रित होकर पुलिया से जा भिड़ी। हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों में कई लोगों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे खरबई थाना चौकी क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बसों के कई हिस्से टूटकर सड़क पर बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक यात्री का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि भोपाल-सागर रूट पर संचालित दो बसों की आमने-सामने टक्कर हुई है। भोपाल से सागर जा रही बस में सवार यात्रियों की मौत हुई है, जबकि दूसरी बस में सवार कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में 5 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन बाद में प्रशासन ने 3 यात्रियों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here