सागर। सागर-सिलवानी स्टेट हाईवे-15 पर ग्राम डूंगरिया के पास स्थित रहली तिगड्डा घाटी एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बनी। तेज रफ्तार रेत से भरे डंपर की चपेट में आने से 28 वर्षीय संदीप कुमार ठाकुर की दर्दनाक मौत हो गई। दो वर्ष पहले ही विवाह बंधन में बंधे संदीप की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रहली तिगड्डा घाटी लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र यानी “ब्लैक स्पॉट” के रूप में चिन्हित है। अंधा मोड़, तीव्र ढलान और घाटी का जटिल भूगोल यहां आए दिन हादसों का कारण बनता है। इसके बावजूद वर्षों से स्थायी सुधार कार्य नहीं किए गए हैं।
क्षेत्रवासियों के अनुसार इस स्थान पर सड़क चौड़ीकरण, अंधे मोड़ का तकनीकी सुधार, अतिरिक्त लेन निर्माण, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतकों की व्यवस्था की जा सकती है। लेकिन बार-बार हादसों के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
स्थानीय नागरिकों ने रेत से भरे डंपरों की तेज रफ्तार को भी हादसों का प्रमुख कारण बताया है। उनका कहना है कि मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी वाहन गुजरते हैं, जिनमें कई चालक निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं करते। लोगों ने परिवहन विभाग, पुलिस और खनिज विभाग से संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हर दुर्घटना के बाद प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी हो जाती हैं, लेकिन ब्लैक स्पॉट को सुरक्षित बनाने की दिशा में ठोस प्रयास दिखाई नहीं देते। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुधार कार्य किए जाते तो कई अनमोल जानें बचाई जा सकती थीं।
संदीप कुमार ठाकुर की मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अब केवल संवेदना और मुआवजे से काम नहीं चलेगा, बल्कि रहली तिगड्डा घाटी को सुरक्षित बनाने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने होंगे।
अब सवाल यह है कि रहली तिगड्डा ब्लैक स्पॉट पर और कितनी जानें जाने के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों की नींद टूटेगी


