निगम आवासों पर अवैध कब्जा करने वालों को तीन दिन की मोहलत, नहीं तो होगी बेदखली
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा
सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने मंगलवार को आगामी राष्ट्रीय एवं नगर निगम स्तरीय कार्यक्रमों, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों तथा विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने और नागरिकों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में 12 अगस्त को होने वाली हर घर तिरंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। यात्रा दोपहर 2 बजे तीन बत्ती से प्रारंभ होकर बड़ी मस्जिद तक जाएगी। आयुक्त ने यात्रा मार्ग की साफ-सफाई, पेयजल, यातायात, सुरक्षा और जनसहभागिता से संबंधित व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
14 अगस्त को लखा बंजारा झील में होने वाली डोंगा रैली की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। रैली बोट क्लब से शुरू होकर रानीपुरा गंगा मंदिर तक पहुंचेगी। घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, नावों की उपलब्धता और बैरिकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह 13 अगस्त को राजघाट क्षेत्र में प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत 11 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य की समीक्षा की गई। आयुक्त ने वृक्षारोपण क्षेत्र को चार भागों में बांटकर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने तथा पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद आयुक्त ने संजय ड्राइव क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध भूमि एवं संसाधनों का जायजा लेते हुए क्षेत्र में व्यावसायिक और जनोपयोगी संभावनाओं के विकास के लिए व्यवहारिक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
निगम आवासों पर अवैध कब्जे पर सख्ती
आयुक्त राजकुमार खत्री ने बाघराज क्षेत्र की छत्रसाल कॉलोनी स्थित नगर निगम आवासों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ आवासों पर अनधिकृत कब्जा पाए जाने के साथ ही कुछ आवास मूल पात्र हितग्राहियों के बजाय अन्य लोगों को किराये पर दिए जाने की स्थिति सामने आई।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निगम आवासों पर अवैध कब्जा करने वाले अथवा उन्हें अनधिकृत रूप से किराये पर देने वाले लोग तीन दिवस के भीतर आवास खाली करें। निर्धारित अवधि में आवास खाली नहीं करने पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए बेदखली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मौके पर निगम अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही मुनादी कराकर सार्वजनिक सूचना भी प्रसारित कराई गई। आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की संपत्तियां सार्वजनिक हित के लिए हैं। इन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा अनधिकृत उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व होने वाले सभी कार्यक्रमों को गरिमामय, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता के साथ संपन्न कराया जाए तथा प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्व का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करे।


