सागर में चलती स्कूल बस में लगी आग, बच्चों को सुरक्षित उतारा
सागर। भगवानगंज क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल से बच्चों को लेकर निकल रही एक बस में अचानक आग लग गई। बस भगवानगंज रोड से गुजर रही थी, तभी बस के नीचे से धुआं निकलने लगा और आग दिखाई दी। राहगीरों ने तत्काल बस चालक को इसकी सूचना दी।
आग की जानकारी मिलते ही चालक ने बस रोककर बच्चों को सुरक्षित बाहर उतारा। बताया जा रहा है कि बस के नीचे वायरिंग में आग लगी थी, जो धीरे-धीरे डीजल टैंक के पास तक पहुंच रही थी। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए आगे आए और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। देखते ही देखते आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग पर काबू पाने में मदद की।
गनीमत रही कि समय रहते बच्चों को बस से बाहर निकाल लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर स्कूल बसों की फिटनेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर आग का पता नहीं चलता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों का कहना है कि बच्चों को लाने-ले जाने वाली बसों की नियमित जांच और फिटनेस सुनिश्चित की जानी चाहिए। शासन-प्रशासन को अनफिट या खराब हालत में संचालित स्कूल बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी गंभीर हादसे की आशंका को टाला जा सके।


