सागर कलेक्टर ने वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में हेलीपैड और चीता रिलीज पॉइंट का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सागर जिले के रहली विकासखंड अंतर्गत वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में आगमन एवं कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने डीएफओ श्री रजनीश सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड, चीता रिलीज पॉइंट सहित कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे, एसडीएम कुलदीप पाराशर सहित वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रतिभा पाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। उन्होंने मुहली हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल के शेष कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, विद्युत एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ व्यवस्थित करने को कहा। उन्होंने पार्किंग, यातायात नियंत्रण के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। कार्यक्रम स्थल पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।


