एशियाई खेलों में भारत ने मलेशिया को हराकर जीता हॉकी का स्वर्ण
सागर। 20वें एशियाई खेल आइची-नागोया, जापान में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। 3 अक्टूबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों में हॉकी का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी सीधे क्वालीफाई कर लिया।
इस स्वर्णिम उपलब्धि में मध्यप्रदेश पुलिस में पदस्थ पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) विवेक सागर प्रसाद भी भारतीय टीम के सदस्य रहे। टीम के मिडफील्डर विवेक सागर ने पूरे टूर्नामेंट में टीम के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने डीएसपी विवेक सागर प्रसाद को भी स्वर्ण पदक विजेता टीम का हिस्सा बनने पर शुभकामनाएं दीं।
इटारसी क्षेत्र के चांदौन निवासी विवेक सागर प्रसाद वर्ष 2021 में मध्यप्रदेश पुलिस में डीएसपी के पद पर नियुक्त हुए थे। इससे पहले वे टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक, एशियन गेम्स 2023 में स्वर्ण, पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य और कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य रह चुके हैं।
भारतीय हॉकी टीम की लगातार दूसरी एशियाई खेल स्वर्णिम सफलता के साथ विवेक सागर प्रसाद की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।


