सागर में किसानों की लिखित शिकायत के बाद जागा कृषि विभाग, 20 बोरी संदिग्ध डीएपी जब्त
पहुंची संयुक्त टीम, जांच के लिए भेजे नमूने
ब्यूरो गजेंद्र ठाकुर- सागर। बीना क्षेत्र में किसानों की लिखित शिकायत के बाद कृषि विभाग हरकत में आया। ग्राम पड़रिया में छापामार कार्रवाई के दौरान 20 बोरी संदिग्ध डीएपी खाद जब्त की गई, जबकि ग्राम कुरुवा से खरीदी गई खाद की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे हैं। दोनों मामलों में खाद के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
किसानों से मिली शिकायतों के आधार पर राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम पड़रिया में सुरेंद्र सिंह ठाकुर के निवास पर जांच की। यहां से 20 बोरी डीएपी खाद जब्त कर नमूने लिए गए। वहीं, ग्राम कुरुवा निवासी रोहित राय से खाद खरीदने वाले ग्राम हिरनछिपा के किसान बालमुकुंद दुबे सहित अन्य किसानों ने लिखित शिकायत देकर खाद के नकली होने की आशंका जताई थी।
शिकायत पर टीम ने मौके पर पहुंचकर नमूने एकत्र किए, पंचनामा बनाया और किसानों के बयान दर्ज किए। दोनों मामलों में खाद के स्रोत की जानकारी जुटाई गई है। आगे की वैधानिक कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए प्रकरण पुलिस को भेजा गया है।
हालांकि, खाद के नकली या अमानक होने की अंतिम पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। कृषि विभाग ने किसानों से अधिकृत विक्रेताओं से पक्का बिल लेकर खाद खरीदने की अपील की है।


