तीन दशक का पुलिस अनुभव, UN मिशन में भी निभाई जिम्मेदारी; संजीव सिन्हा ने संभाली सागर SP की कमान

तीन दशक का पुलिस अनुभव, UN मिशन में भी निभाई जिम्मेदारी; संजीव सिन्हा ने संभाली सागर SP की कमान

सागर। संजीव सिन्हा ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को सागर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वे 14वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (SAF), ग्वालियर में सेनानी के पद पर पदस्थ थे और पुलिस अधीक्षक ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।

संजीव सिन्हा ने 1 जुलाई 1996 को उप पुलिस अधीक्षक के रूप में पुलिस सेवा शुरू की थी। वर्ष 2016 में वे भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत हुए। तीन दशक से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नक्सली गतिविधियों की निगरानी और भ्रष्टाचार के मामलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

उनके सेवाकाल का महत्वपूर्ण अध्याय संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत लाइबेरिया में पदस्थापना रहा। यहां डिप्टी ऑपरेशंस कोऑर्डिनेटर के रूप में उन्होंने 19 संयुक्त राष्ट्र पुलिस स्टेशनों और 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुलिस अधिकारियों के कार्यों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संभाली।

लोकायुक्त संगठन में पुलिस अधीक्षक रहते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई और अनुसंधान में योगदान दिया। वहीं, गुना में पदस्थापना के दौरान हनुमान टेकरी डकैती प्रकरण में 12 किलोग्राम चांदी की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2016 में उज्जैन सिंहस्थ के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें सिंहस्थ ज्योति पदक से सम्मानित किया गया था।

सागर में नई जिम्मेदारी के साथ उनसे कानून-व्यवस्था मजबूत करने, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा और आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान देने की अपेक्षा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here