डेयरी परियोजना स्थल हफ़सिली में पशु मेला क्षेत्र के पास गोबर मिट्टी से निर्मित हो रहा लगभग 125 फ़ीट परिधि और 11 फ़ीट ऊंचाई वाला गोवर्धन पर्वत
सागर। हफ़सिली ग्राम स्थित डेयरी परियोजना स्थल के पशु मेला क्षेत्र में सामूहिक गोवर्धन पूजा की तैयारियों का नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने जायजा लिया और गोवर्धन पर्वत के निर्माण में गोबर के साथ उचित मात्रा में मिट्टी का उपयोग कर गिरराज पर्वत का अस्थाई आकार बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा की इससे कलाकारों द्वारा पर्वत को आकर्षक स्वरूप दिया जा सकेगा और बेहतर साज-सज्जा से सुंदर वातावरण बनेगा।
पशु मेला क्षेत्र में फैली मिट्टी पत्थर सहित यहाँ उगी खरपतवार को आधुनिक मशीनों की सहायता से साफ किया गया। उक्त मैदान की लेबलिंग कर स्वच्छ और सुविधाजनक बनाया गया है ताकि मेला क्षेत्र में पहुंचने वाले आगनतुकों सहित यहाँ प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सुविधा हो। स्थानीय लोक कलाकार और मोनिया व्रत लेकर नृत्य करने वाले बहुत से श्रद्धालु पैरों में कुछ भी पहने बिना अपनी प्रस्तुति देते हैं ऐसे में उनकी सुरक्षा का भी ध्यान रखा जायेगा।
हफ़सिली के पशु मेला क्षेत्र में ट्रेक्टर ट्रॉली, डम्फरों से मिट्टी और स्थानीय पशुपालकों के यहाँ से गोबर लाकर एकत्र किया गया और यहाँ लगे पेड़ को केंद्र मानकर लगभग 125 फ़ीट परिधि में 11 फ़ीट ऊंचाई तक मिट्टी गोबर से विशाल गोवर्धन पर्वत का निर्माण किया गया है, इस गोवर्धन पर्वत के चारों ओर परिक्रमा मार्ग और पूजन स्थल बनाया जायेगा। परिक्रमा मार्ग में श्रीकृष्ण और उनकी गौओं की प्रतिमाएँ व अन्य झाँकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। रंगोली के आकर्षक रंगों से पर्वत और आसपास के क्षेत्र को सजाया जायेगा। हफ़सिली डेयरी परियोजना स्थल के शांत और प्राकृतिक वातावरण में दिनांक 9 नवंबर 2026 दिन सोमवार को आयोजित होने वाले अन्नकूट पूजन के दौरान विशाल गोवर्धन पर्वत के दर्शन पूजन, स्थानीय व्यंजन और अन्य पकवानों की 56 भोग प्रसादी, विभिन्न पारंपरिक लोक नृत्य, भव्य आतिशबाजी, रंग-बिरंगे आभूषणों से सजी गौओं के साथ अन्य पशुधन की चहलकदमी, मेले की तर्ज पर लगी दुकाने और आसपास गाँव के श्रद्धालुओं सहित सागरवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति इस मेले के आयोजन को और भी मनोहारी बनाएगी।
पशुपालन संघ और नगर पालिक निगम ने सागर के पशु पालकों को प्रोत्साहित करने और डेयरी विस्थापन परियोजना को फलीभूत करने के उद्देश्य से उक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम को बड़ी धूम धाम से मनाने की तैयारियां जोरों से प्रारम्भ की हैं। गोवर्धन पूजा के इस सांस्कृतिक आयोजन को यहाँ की पहचान बनाने के लिए निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विभिन्न प्रयोग किये जा रहे हैं ताकि कार्यक्रम को श्रद्धाभक्ति के साथ दिव्य भव्य बनाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इन परम्पराओं का हिस्सा बनाकर नागरिकों में शहर के विकास, स्वच्छता और सुंदरता के प्रति जागरूकता लाई जाये और वे शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निष्ठा के साथ पालन करें, शहर के पशु पालक अपने पशुओं को यहां विस्थापित करें और यहाँ के अनुकूल वातावरण में डेयरी का विकास हो।


