BMC में पीजी की 29 सीटें बढ़ीं, कुल संख्या 110 पहुंची, विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करने के बढ़ेंगे अवसर

BMC में पीजी की 29 सीटें बढ़ीं, कुल संख्या 110 पहुंची, विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार करने के बढ़ेंगे अवसर

सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में पीजी की 29 सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके साथ ही कॉलेज में पीजी सीटों की कुल संख्या 81 से बढ़कर 110 हो गई है। डीन डॉ. पीएस ठाकुर के कार्यकाल में अब तक कुल 50 सीटों की वृद्धि हुई है।

सीटों में हुई बढ़ोतरी में पैथोलॉजी की 7, जनरल सर्जरी की 5, कम्युनिटी मेडिसिन की 3, जनरल मेडिसिन की 2, पीडियाट्रिक्स की 1 और रेडियोलॉजी की 2 नई सीटें शामिल हैं। इसके अलावा एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री और फार्माकोलॉजी में भी 2-2 सीटें बढ़ी हैं। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में भी एक सीट का इजाफा हुआ है। इससे मेडिकल विद्यार्थियों को विशेषज्ञता की पढ़ाई के अधिक अवसर मिलेंगे और भविष्य में क्षेत्र को विशेषज्ञ चिकित्सकों का लाभ मिल सकेगा।

इधर, इसी उपलब्धि के बीच शुक्रवार को कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत देखी। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, आईसीयू, एसएनसीयू, पीआईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, जांच केंद्रों और जेल वार्ड का जायजा लिया। जांच रिपोर्ट समय पर देने, शुल्क व्यवस्था पारदर्शी रखने, मरीजों की बेहतर देखभाल और 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में कमियां मिलने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही फायर सेफ्टी, अस्पताल के मेंटेनेंस और निर्माणाधीन लेक्चर हॉल की गुणवत्ता की समीक्षा भी की। इस तरह एक ओर पीजी सीटों में बढ़ोतरी से मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक क्षमता मजबूत हुई है, वहीं कलेक्टर के निरीक्षण से अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here