ग्रामीण विकास योजनाओं में लापरवाही पर सख्त हुए कलेक्टर दिलीप यादव, अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

0

ग्रामीण विकास योजनाओं में लापरवाही पर सख्त हुए कलेक्टर दिलीप यादव, अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

मनरेगा, पीएम आवास और स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा, प्लांटेशन का मौके पर होगा सत्यापन; अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे कराने पर जोर

सागर। जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत चल रही योजनाओं की प्रगति को लेकर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने बुधवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, निर्धारित समय में काम पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि योजनाओं की प्रगति केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर भी उसका असर दिखाई देना चाहिए।

प्लांटेशन की होगी मौके पर जांच, मनरेगा के लक्ष्य पूरे करने के निर्देश

बैठक में ‘एक बगिया माँ के नाम’ योजना के तहत कराए गए पौधरोपण कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्लांटेशन की वास्तविक स्थिति जानने के लिए मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करें और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके साथ ही प्रस्तावित कार्यों और चालू वर्ष में पूरे किए जाने वाले निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।

मनरेगा के अंतर्गत निर्धारित मानव दिवस के लक्ष्य और अब तक सृजित मानव दिवस की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने लक्ष्य के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने और रोजगार सृजन बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित भुगतान की स्थिति की समीक्षा कर सभी तरह के भुगतान निर्धारित समय-सीमा में करने को कहा।

लापरवाही मिलने पर जारी होगा कारण बताओ नोटिस

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने पीओ, एपीओ और जनपद पंचायतों के सीईओ को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कामकाज में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। पुराने निर्माण कार्यों की स्थिति पर भी लगातार नजर रखने को कहा गया।

जिला पंचायत सीईओ को मॉनिटरिंग व्यवस्था मजबूत करने और योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि लंबे समय से लंबित कार्यों को पूरा कराया जा सके।

खेत तालाब से लेकर आजीविका मिशन तक की समीक्षा

बैठक के दौरान खेत तालाब योजना की जनपदवार प्रगति का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने किसानों को खेत तालाब निर्माण के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बैंक लिंकेज और ग्राम निवेश मांग की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बैंक लिंकेज से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

पीएम आवास और शौचालय निर्माण में तेजी लाने को कहा

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान स्वीकृत, पूर्ण और अधूरे आवासों का विवरण लिया गया। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को आवास निर्माण पूरा कराने की दर बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा आवास प्लस योजना की प्रगति और जनपदवार आवासों की स्थिति पर भी चर्चा हुई।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शेष बचे निर्माण कार्य जल्द पूरे कराने को कहा। उन्होंने सामुदायिक स्वच्छता परिसरों को उपयोग योग्य बनाने और बंद पड़े शौचालयों का पुनरुद्धार कराने के निर्देश भी दिए।

मुक्तिधाम, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

बैठक में वीबी-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़ी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों के मुक्तिधामों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, रंग-रोगन, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को इन स्थानों पर बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकें।

समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे सहित सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आरईएस के एसडीओ, मनरेगा एवं ग्राम पंचायत शाखा के कार्यक्रम अधिकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक समन्वयक तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here