अवैध शराब के खिलाफ गांव की महिलाओं का हल्लाबोल, दुकान का किया घेराव; दुकानदार मौके से फरार

0

सागर जिले के ग्राम नादिया में चिप्स-कुरकुरे की दुकान से थैले में रखकर बेची जा रही शराब पकड़ी, पुलिस को सौंपी; महिलाओं ने गांव और आसपास शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।

सागर। जिले के केसली विकासखंड के ग्राम नादिया में अवैध शराब की बिक्री को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। गांव में शराब बेचने की शिकायतों से परेशान महिलाओं ने शनिवार दोपहर एक दुकान पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने चिप्स-कुरकुरे बेचने वाली दुकान का घेराव किया और वहां थैले में रखकर बेची जा रही शराब पकड़ ली।

दुकान पर महिलाओं की भीड़ जुटने और विरोध तेज होने के बाद दुकानदार मौके से निकल गया। घटना के दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इसकी जानकारी मिलने पर केसली थाना पुलिस गांव पहुंची और महिलाओं को समझाइश देकर शांत कराया। महिलाओं ने दुकान से बरामद की गई शराब पुलिस के हवाले कर दी।

छोटी दुकानों से शराब बिक्री का आरोप

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि गांव के अलावा आसपास के इलाकों में भी छोटी-छोटी दुकानों के माध्यम से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। इस गतिविधि के कारण क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। महिलाओं ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि गांव सहित पूरे क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।

थाना प्रभारी ने दिया कार्रवाई का भरोसा

मामले को लेकर केसली थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह बघेल ने कहा कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कदम उठाएगी। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध रूप से शराब बेचने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here