डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिलेगा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधिमंडल : कुलपति प्रो. नागेश दुबे
सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय में 20 से 26 नवंबर तक सात दिवसीय गौर उत्सव 2026 आयोजित किया जाएगा। डॉ. हरिसिंह गौर की 157वीं जयंती के अवसर पर होने वाले इस आयोजन में खेल, साहित्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, रक्तदान शिविर और शोभायात्रा सहित विभिन्न गतिविधियां होंगी।
गौर उत्सव को लेकर गुरुवार को विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने कहा कि डॉ. गौर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिलाने के लिए विश्वविद्यालय लगातार प्रयास कर रहा है। इस संबंध में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से यह मुहिम सफल होगी। कुलपति ने पत्रकारों से भी डॉ. गौर के योगदान और विचारों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने की अपील की।
कुलपति ने कहा कि गौर उत्सव केवल विश्वविद्यालय का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे सागर शहर का उत्सव है। डॉ. गौर के संकल्पों और सपनों को साकार करने के लिए विश्वविद्यालय प्रतिबद्ध है। इस बार पूर्व छात्रों, शहरवासियों और विश्वविद्यालय परिवार में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह है।
गौर उत्सव के मुख्य समन्वयक प्रो. आशीष वर्मा ने सात दिवसीय कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 26 नवंबर को गौर जयंती पर परंपरागत शोभायात्रा तीनबत्ती स्थित गौर प्रतिमा से विश्वविद्यालय परिसर तक निकाली जाएगी। इसके बाद गौर समाधि प्रांगण में मुख्य समारोह होगा।
मुख्य समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि होंगे। सांसद डॉ. लता वानखेड़े, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेंद्र जैन, विधायक प्रदीप लारिया और महापौर संगीता तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कन्हैयालाल बेरवाल करेंगे।
### मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी 15 हजार रुपये की सहायता
गौर पीठ के माध्यम से इस वर्ष स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के सिंगल गर्ल चाइल्ड तथा दिव्यांग श्रेणी के एक-एक मेधावी विद्यार्थी को पढ़ाई जारी रखने के लिए 15-15 हजार रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि गौर पीठ को प्राप्त दान से प्रदान की जाएगी।
### 20 से 26 नवंबर तक होंगे आयोजन
गौर उत्सव के तहत 20 से 23 नवंबर तक अब्दुल गनी खान स्टेडियम में टी-20 मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। 21 नवंबर को भारतीय खेल प्रतियोगिताएं और शनीचरी स्थित गौर जन्मस्थली पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित होगा। 21 और 22 नवंबर को टेबल टेनिस प्रतियोगिता होगी।
23 नवंबर को अभिमंच सभागार में रक्तदान शिविर और शाम को शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। 24 नवंबर को तिली वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, छात्राओं का मैत्री क्रिकेट मैच और राष्ट्रीय कवि सम्मेलन होगा।
25 नवंबर को विद्यालयीन सांस्कृतिक कार्यक्रम उमंग, विश्वविद्यालय परिवार का काव्यांजलि कार्यक्रम और शाम को गौर प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसी दिन शाम 6:30 बजे कुलपति प्रो. नागेश दुबे का डॉ. गौर की जीवनी पर आधारित उद्बोधन प्रसारित होगा।
26 नवंबर को सुबह 8:30 बजे तीनबत्ती स्थित गौर प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा। सुबह 8:40 बजे यहां से विश्वविद्यालय परिसर तक गौर शोभायात्रा निकाली जाएगी। सुबह 10:30 बजे गौर समाधि प्रांगण में मुख्य जयंती समारोह और शाम 6 बजे सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी।
पत्रकार वार्ता में सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक डॉ. राकेश सोनी, प्रो. उमेश कुमार पाटिल, कुलसचिव डॉ. एसपी उपाध्याय सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं शहर के पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मीडिया अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल ने किया।


