14 वर्षीय छात्रा के शोषण का मामला, मेडिकल जांच में गर्भवती होने की जानकारी

0

रहली थाना क्षेत्र की घटना, दो साल से डराने-धमकाने का आरोप; महिला थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया मामला

सागर। जिले के रहली थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ लंबे समय तक शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा का पिछले करीब दो वर्षों से आरोपियों द्वारा डराने-धमकाने के चलते शोषण किया जा रहा था। तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मेडिकल जांच में छात्रा के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद परिजन उसे लेकर महिला थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जानकारी के मुताबिक, कुछ दिनों से छात्रा के पेट में लगातार तेज दर्द हो रहा था। उसकी मां ने जब तबीयत खराब होने की वजह पूछी तो छात्रा ने पूरी बात बताई। छात्रा ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से आरोपी उसका शोषण कर रहे थे।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। भाई को नुकसान पहुंचने और बदनामी के डर से वह लंबे समय तक किसी को कुछ नहीं बता सकी। इस दौरान उसकी तबीयत लगातार खराब होती गई।

परिजन जब उसे उपचार के लिए डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे तो मेडिकल जांच के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here