सागर। जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र में रविवार को नेशनल हाईवे-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरमान घाट से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप वाहन केसली तिराहे के पास स्थित ब्रिज के समीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। हादसे में वाहन का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बरमान स्नान से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, दो की मौत, 12 घायल
सागर। जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर केसली तिराहे के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरमान घाट से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा केसली तिराहे पर स्थित ब्रिज के समीप हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री वाहन के भीतर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, 108 एंबुलेंस और 112 एफआरवी मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं, जबकि दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई। दो गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।


