सागर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, जीआर ट्रेडर्स से 126 लीटर घी जब्त

सागर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, जीआर ट्रेडर्स से 126 लीटर घी जब्त

वर्णी कॉलोनी में छापेमारी के दौरान अरिहंत ब्रांड के 140 डिब्बे मिले, खाद्य सुरक्षा टीम ने सैंपल जांच के लिए भेजे

सागर में त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले खाद्य विभाग ने मिलावट के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर की वर्णी कॉलोनी स्थित जी.आर. ट्रेडर्स पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान टीम ने अरिहंत ब्रांड के घी के 140 डिब्बे जब्त किए। इन डिब्बों में कुल 126 लीटर घी पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 77 हजार रुपये बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीम जी.आर. ट्रेडर्स पहुंची और वहां उपलब्ध घी की जांच की। कार्रवाई के दौरान घी के नमूने भी लिए गए हैं। विभाग ने इन सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अब जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त किया गया घी निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार है या नहीं।

यदि प्रयोगशाला जांच में घी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरता है, तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारी दौर में घी, मावा, मिठाई, खाद्य तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री की बिक्री और मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए खाद्य विभाग द्वारा शहर के अलग-अलग दुकानों और प्रतिष्ठानों में निरीक्षण तथा सैंपलिंग की जा रही है। विभाग इससे पहले भी शहर के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर खाद्य सामग्री की जांच को लेकर कार्रवाई कर चुका है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने बताया कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here