सागर में सुशील चौबे हत्याकांड के तीन इनामी आरोपी गिरफ्तार

सागर में सुशील चौबे हत्याकांड के तीन इनामी आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने देर रात दबिश देकर पप्पू प्रजापति, नीलू प्रजापति और लकी रैकवार को पकड़ा, तीनों पर 3-3 हजार रुपये का इनाम था

सागर। कोतवाली थाना क्षेत्र के लाजपतपुरा वार्ड में 29 नवंबर 2025 को हुए हिस्ट्रीशीटर सुशील चौबे हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे तीन इनामी आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पप्पू प्रजापति, नीलू प्रजापति और लकी रैकवार को पकड़ा है। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 3-3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

बुधवार दोपहर करीब 2 बजे कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सुशील चौबे की बेसबॉल की डंडी से हमला कर हत्या की गई थी। वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि पप्पू प्रजापति, नीलू प्रजापति और लकी रैकवार फरार थे।

थाना प्रभारी मनीष सिंघल के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार रात थाना क्षेत्र में कांबिंग गश्त चल रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड में फरार तीनों आरोपी अपने घर पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर दबिश दी और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की। बुधवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में एक अन्य नाबालिग आरोपी अभी भी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here