MP News: 1,808 गुम मोबाइल बरामद, 3.47 करोड़ से अधिक के मोबाइल वास्तविक मालिकों को लौटाए

1,808 गुम मोबाइल बरामद, 3.47 करोड़ से अधिक के मोबाइल वास्तविक मालिकों को लौटाए

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी संसाधनों, CEIR पोर्टल और साइबर सेल की मदद से बड़ी सफलता हासिल की है। विगत दो सप्ताह में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए 1,808 गुम मोबाइल फोन और एक टैबलेट बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 47 लाख 81 हजार रुपये से अधिक है। सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे गए।

छिंदवाड़ा पुलिस ने रक्षाबंधन के पूर्व विशेष अभियान चलाकर 501 गुम मोबाइल बरामद किए, जिनकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं ग्वालियर साइबर सेल ने CEIR पोर्टल के माध्यम से 451 मोबाइल बरामद किए। इनकी कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से ट्रेस किए गए।

छतरपुर पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत 276 मोबाइल, करीब 41.40 लाख रुपये कीमत के, बरामद कर उनके धारकों को लौटाए। दतिया में 173 मोबाइल करीब 35 लाख रुपये, जबकि जबलपुर में 134 मोबाइल करीब 23 लाख रुपये कीमत के बरामद किए गए।

सागर पुलिस ने साइबर तकनीक और CEIR पोर्टल की मदद से 112 गुम मोबाइल बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये है। साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण और IMEI नंबर के आधार पर मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ अन्य राज्यों में उपयोग हो रहे मोबाइलों को ट्रेस किया।

खंडवा पुलिस ने ऑपरेशन सहयोग के तहत 109 मोबाइल, जिनकी कीमत 20 लाख 48 हजार रुपये है, बरामद किए। श्योपुर पुलिस ने भी करीब 6 लाख रुपये कीमत के 40 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।

इसी तरह जीआरपी इंदौर और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में यात्री मोबाइल चोरी करने वाले आरोपी से 9 एंड्रॉइड मोबाइल और एक टैबलेट बरामद किया गया, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 88 हजार 689 रुपये है। जीआरपी उज्जैन ने भी आरोपियों से दो मोबाइल और 8 हजार रुपये नकद सहित करीब 55 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की।

मध्यप्रदेश पुलिस की इस कार्रवाई से गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी में तकनीकी संसाधनों और साइबर सेल की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सेकंड हैंड मोबाइल खरीदने से पहले Sanchar Saathi ऐप पर IMEI नंबर का सत्यापन जरूर करें, ताकि चोरी या गुम हुए मोबाइल की खरीद से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here