जहरीली शराब से एक और मौत, BMC में इलाज के दौरान पंचायत सचिव ने तोड़ा दम

0

बंडा क्षेत्र की मुडारी बुजुर्ग ग्राम पंचायत में पदस्थ थे अजय लोधी; एक सप्ताह से रोजाना सामने आ रही मौतों के बीच आंकड़ा 33 पहुंचा

सागर। बंडा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुडारी बुजुर्ग में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत अजय लोधी (30) की शुक्रवार को सागर के बीएमसी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अजय लोधी, स्वर्गीय गनपत सिंह लोधी के बेटे थे। जहरीली शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए बीएमसी में भर्ती कराया था।

परिजनों ने बताया कि अजय के पिता के निधन के बाद कुछ साल पहले उन्हें अनुकंपा के आधार पर पंचायत विभाग में नौकरी मिली थी। अब अजय की मौत के साथ ही जिले में जहरीली शराब से जान गंवाने वालों की संख्या 33 तक पहुंच गई है। वहीं, करीब एक दर्जन प्रभावित लोग अभी भी बीएमसी के आईसीयू में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।

5 सितंबर से लगातार सामने आ रही मौतें

जहरीली शराब से प्रभावित मरीजों को 5 सितंबर से बीएमसी में भर्ती कराने का सिलसिला शुरू हुआ था। इसके बाद से अब तक ऐसा कोई दिन नहीं बीता, जब इस मामले में किसी व्यक्ति की मौत न हुई हो। एक सप्ताह के भीतर जहरीली शराब के सेवन से 33 लोगों की जान जा चुकी है।

मृतकों में 25 से 38 वर्ष की उम्र के युवाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। इस घटना में एक महिला की भी मौत हो चुकी है।

आरोपी रवि लखेरा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

इधर, जहरीली शराब तैयार करने में इस्तेमाल कथित फार्मूला उपलब्ध कराने के आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान रवि के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए बीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here