पथरिया में दो आरोपियों से 11 किलो 150 ग्राम गांजा जब्त, सागर में भी दबिश की चर्चा
दमोह। पथरिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों से करीब 11 किलो 150 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 22 हजार 650 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति रेलवे स्टेशन पथरिया से बोतराई रोड की ओर जा रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम भगत सिंह रजक पिता सरमन सिंह रजक, निवासी ग्राम कुसली थाना बेलखेड़ा जिला जबलपुर तथा नाजिम पिता फारूक खान, निवासी नाहल मसूली गाजियाबाद उत्तर प्रदेश बताए।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से क्रमश: 4 किलो 150 ग्राम और 7 किलो गांजा बरामद किया। कुल 11 किलो 150 ग्राम गांजा जब्त कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सागर में भी दबिश की चर्चा
इधर सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आ रही है कि इस कार्रवाई से जुड़े मामले में पुलिस ने सागर में भी दबिश दी थी। बताया जा रहा है कि कैंट थाना क्षेत्र से दो आरोपियों सलीम और कोई हेमराज को पकड़ा गया था। इसके अलावा बस स्टैंड क्षेत्र से कुछ महिलाओं को भी पूछताछ के लिए पुलिस द्वारा पकड़े जाने की चर्चा है।
सूत्रों के अनुसार इन लोगों से पूछताछ संभवतः आरोपियों से मिले मेमोरेंडम अथवा पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर की गई हो सकती है। हालांकि सागर में हुई कथित कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में इसकी पुष्टि पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही हो सकेगी।
पथरिया पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेन्द्र कुमार जगोत, एएसआई दुबे, सर्जन अल्जार सिंह सहित पुलिस टीम की भूमिका बताई गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।


