भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब का संगठन को संदेश: तीन महीने में दूर करें गुटबाजी और नाराजगी

नेताओं के स्वागत में जेसीबी से फूल बरसाने पर रोक की सलाह, होर्डिंग-बैनर में सरकार की योजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने संगठन के पदाधिकारियों को पार्टी के भीतर गुटबाजी और नाराजगी दूर करने के लिए तीन महीने का समय दिया है। उन्होंने संभाग और जिला प्रभारियों से कहा कि आपसी मतभेद बातचीत के जरिए सुलझाए जाएं। यदि समझाने के बाद भी कोई कार्यकर्ता या पदाधिकारी सहमत नहीं होता है, तो उसके नाम और मोबाइल नंबर की सूची प्रदेश नेतृत्व और प्रभारी के पास भेजी जाए।

देब ने पार्टी में नेताओं के स्वागत के दौरान होने वाले दिखावे को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नेताओं के स्वागत में जेसीबी से फूल बरसाने जैसी परंपरा तत्काल बंद होनी चाहिए। बड़ी-बड़ी मालाओं और अनावश्यक प्रदर्शन के बजाय सादगी पर जोर दिया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि होर्डिंग और बैनर में नेताओं की बड़ी तस्वीरें लगाने के बजाय केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रमुखता दी जाए।

संगठन का इस्तेमाल व्यक्तिगत प्रचार के लिए न हो

बिप्लब देब ने पदाधिकारियों से कहा कि भाजपा संगठन का उपयोग किसी व्यक्ति के व्यक्तिगत प्रचार के लिए नहीं किया जाना चाहिए। संगठन की भूमिका सरकार के काम और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की होनी चाहिए।

उन्होंने पदाधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तव में पात्र लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। संगठन के स्तर पर इन योजनाओं का लगातार फॉलोअप किया जाना चाहिए।

पहले संगठनात्मक दौरे में हुई अहम बैठकें

मध्य प्रदेश के अपने पहले संगठनात्मक दौरे के दौरान बिप्लब देब ने प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। इससे पहले बुधवार को उन्होंने मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ कोर कमेटी की बैठक में भी हिस्सा लिया।

सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय पर जोर

गुरुवार को भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान देब ने कहा कि कोर कमेटी और प्रदेश इकाई की बैठकों का उद्देश्य मध्यप्रदेश में भाजपा संगठन को मजबूत करना है। उनका कहना था कि संगठन और सरकार के माध्यम से जनता को सकारात्मक परिणाम मिलना चाहिए।

उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ अध्यक्ष तक सभी स्तरों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मिलकर काम करने की अपील की। देब ने कहा कि जनता ने भाजपा को सरकार चलाने की जिम्मेदारी दी है और इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाना संगठन का दायित्व है।

‘भाजपा सत्ता के लिए नहीं, अंतिम व्यक्ति तक काम पहुंचाने के लिए सत्ता में आती है’

बिप्लब देब ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता हासिल करने के उद्देश्य से सत्ता में नहीं आती। पार्टी का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक काम पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के निचले स्तर तक पहुंचे, इसका फॉलोअप करना संगठन की नैतिक जिम्मेदारी है।

उनके मुताबिक सरकार और संगठन दोनों के काम का सीधा लाभ जनता को मिलना चाहिए।

बोले- अगले दो-तीन महीने में दिखाई देंगे परिणाम

अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान सरकार या संगठन में किसी कमी के सवाल पर देब ने कहा कि उन्हें मध्यप्रदेश आए अभी करीब डेढ़ दिन ही हुआ है। उन्होंने कहा कि वे सकारात्मक व्यवस्था में विश्वास रखते हैं और इतने कम समय में इस तरह के सवालों का जवाब देना उचित नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन महीनों में सरकार और संगठन जिस दक्षता के साथ काम कर रहे हैं, उसके परिणाम दिखाई देने लगेंगे। उनके मुताबिक आगे की प्रक्रिया से नुकसान के बजाय सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

जिलों के साथ गांव और बूथ स्तर तक पहुंचेंगे देब

आने वाले दौरों के बारे में बिप्लब देब ने कहा कि वे संगठन से जुड़े व्यक्ति हैं और संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर बातचीत करना तथा उनसे सीखना उन्हें पसंद है। उन्होंने कहा कि वे यहां केवल काम करने के लिए नहीं, बल्कि सीखने के लिए भी आए हैं। बूथ स्तर पर काम करने वाले छोटे-छोटे कार्यकर्ताओं के पास भी सीखने के लिए बहुत कुछ होता है।

देब ने मध्यप्रदेश भाजपा के संगठन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रभारी के तौर पर वे अलग-अलग जिलों के साथ-साथ गांवों और बूथों तक जाएंगे। वहां कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करेंगे और उनके साथ मिलकर संगठन के काम को आगे बढ़ाएंगे।

बोले- सरकार और संगठन के बीच समन्वय लगातार बेहतर करने की प्रक्रिया

सरकार और संगठन के बीच कोऑर्डिनेशन को लेकर देब ने कहा कि यह कोई एक बार पूरी हो जाने वाली प्रक्रिया नहीं है। उन्होंने कहा कि जो यह मानता है कि सरकार और संगठन के बीच समन्वय अब पूरी तरह बेहतर हो चुका है, वह भी सही नहीं है, क्योंकि इसे लगातार मजबूत करने की जरूरत रहती है।

उन्होंने कहा कि वे व्यवस्था में विश्वास रखते हैं और तय व्यवस्था के अनुसार ही संगठन का काम आगे बढ़ाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here