तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग रामदास यादव को मारी टक्कर, 50 फीट दूर जा गिरा मृतक, नाबालिग चालक फरार !

तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग रामदास यादव को मारी टक्कर, 50 फीट दूर जा गिरा मृतक, नाबालिग चालक फरार !

छतरपुर। जिले के बड़ामलहरा क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बाजना थाना क्षेत्र में सड़क किनारे बैठे 55 वर्षीय बुजुर्ग को तेज रफ्तार XUV कार ने ऐसी भीषण टक्कर मारी कि उनके हाथ-पैर धड़ से अलग होकर करीब 50 फीट दूर जा गिरे। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना का मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम चोपड़ा निवासी रामदास यादव पिता जालम यादव गुरुवार को झपट्टा पुलिया के पास बैठे थे। इसी दौरान कलोथर की ओर से आ रही XUV कार क्रमांक MP 16 CV 5431 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त कर शव का पंचनामा बनवाया और पोस्टमार्टम के लिए बड़ामलहरा अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार स्वाति राय के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नाबालिग के गाड़ी चलाने की चर्चा, असली चालक कौन?

इस हादसे को लेकर क्षेत्र में एक और गंभीर चर्चा सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि कथित तौर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्वाति राय जो बड़ामलहरा के कलोथत ग्राम की आंगनबाड़ी में पदस्थ है उसका नाबालिग बेटा कार चला रहा था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया हालांकि पुलिस जांच में ही स्पष्ट होगा।

पुलिस जांच पर सवाल, कहीं चालक बदलने की कोशिश तो नहीं?

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की जांच भी कई सवालों के घेरे में है। कार किसके नाम पर है, हादसे के वक्त स्टेयरिंग पर कौन था और घटना के बाद मौके से कौन फरार हुआ? यह चर्चा का विषय बना हुआ हैं स्थानीय सूत्र बताते हैं घटना का वीडियो भी बना हैं जिसमें गाड़ी चालक देखा जा रहा हैं फिलहाल वीडियो सामने नही आया हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस वाहन मालिक और चालक के बीच की कड़ियों की निष्पक्ष जांच करेगी? कहीं किसी दूसरे व्यक्ति को चालक बताकर असली चालक को बचाने की कोशिश तो नहीं होगी? यदि नाबालिग के वाहन चलाने की बात सही निकलती है तो यह मामला और भी गंभीर हो जाएगा।

अब निगाहें पुलिस की जांच पर हैं। क्या मृतक रामदास यादव के परिवार को न्याय मिलेगा या फिर इस दर्दनाक हादसे में भी असली चालक की पहचान पर सवाल बने रहेंगे? पुलिस को वाहन के तकनीकी साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर वास्तविक चालक की पहचान कर निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here