कलेक्टर के औचक निरीक्षण और फटकार का भी जिला अस्पताल पर नहीं हुआ असर, वाटर कूलर में मिले मरे हुए कीड़े-मकोड़े
मरीजों और परिजनों को कीड़े पड़े पानी के सहारे छोड़ दिया, लाल चींटी, मच्छर और अन्य कीड़े मिलने से अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही उजागर
सागर। जिला अस्पताल में मरीजों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के दावों की हकीकत बेहद चिंताजनक है। अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए लगाए गए वाटर कूलर में पानी के साथ मरी हुई लाल चींटियां, मच्छर और अन्य छोटे-छोटे कीड़े-मकोड़े साफ नजर आ रहे हैं। ऐसे हालात में मरीज और उनके परिजन दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। यह तस्वीरें अस्पताल प्रबंधन की साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
हैरानी की बात यह है कि दोपहर करीब 2 बजे दोबारा वाटर कूलर की यही स्थिति सामने आई। कूलर के ढक्कन भी अपनी जगह से निकले हुए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लंबे समय से इसकी नियमित सफाई और देखरेख को लेकर कितनी गंभीरता बरती जा रही है। अस्पताल के ही कुछ कर्मचारियों के अनुसार वाटर कूलर की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस अस्पताल में मरीज इलाज और स्वास्थ्य लाभ की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां उन्हें पीने के लिए स्वच्छ पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पानी में मृत कीड़े-मकोड़े मिलने के बावजूद यदि सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जाती तो यह मरीजों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है। पानी की गुणवत्ता की तत्काल प्रयोगशाला जांच कराई जानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पेयजल पीने योग्य है या नहीं।
गौरतलब है कि बीते दिनों जिले के नवागत कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार भी लगाई थी। लेकिन कलेक्टर की फटकार के बाद भी यदि अस्पताल के वाटर कूलर में मरे हुए कीड़े मिल रहे हैं तो सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर निरीक्षण और निर्देशों का अस्पताल प्रबंधन पर कितना असर हुआ?
इंदौर में दूषित पेयजल से हुई गंभीर घटनाओं के बाद भी यदि जिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था में पेयजल व्यवस्था की यह स्थिति है तो इसे सामान्य लापरवाही कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
मरीजों और उनके परिजनों ने मांग की है कि वाटर कूलर की तत्काल सफाई कराई जाए, पानी की गुणवत्ता की जांच हो और नियमित सफाई की जिम्मेदारी तय की जाए। सवाल यह भी है कि क्या जिला प्रशासन इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब करेगा या फिर निरीक्षण और फटकार के बाद भी अस्पताल की व्यवस्थाएं इसी तरह भगवान भरोसे चलती रहेंगी?


