MP : दर्दनाक हादसा: सोते समय परिवार पर भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मां-बेटे और मासूम बच्ची की मौत

0

मलबे में दबने से 5 लोग गंभीर रूप से घायल, रात एक बजे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन; मुख्यमंत्री ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की।

सिंगरौली। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहपान गांव के जलहथनी टोला में सोमवार (9 नवंबर) की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रात में भोजन करने के बाद परिवार के सदस्य कच्चे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान ढह गया और अंदर सो रहे लोग मलबे में दब गए। हादसे में अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां संतुलिया (65) और दो साल की मासूम बेटी की जान चली गई। वहीं, परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मकान गिरने की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना पर प्रशासनिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब एक बजे तक मृतकों के शव और घायलों को बाहर निकाल लिया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य की स्थिति का जायजा लिया।

सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को एक-एक लाख रुपये और घायलों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

दीवार में पहले से थी दरार, आवाज सुनकर हुआ था अनहोनी का अंदेशा

हादसे में घायल महिला बेलामती ने घटना के समय की स्थिति बताते हुए कहा कि परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मकान की एक दीवार पहले से क्षतिग्रस्त थी और उसमें से लगातार आवाजें आ रही थीं। उन्हें दीवार या मकान गिरने की आशंका भी हुई, लेकिन इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, पूरा मकान अचानक ढह गया।

बेलामती के अनुसार, वह अपने चार बच्चों के साथ मकान के मलबे में दब गई थीं। आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। वहीं, उनके पति घर के अंदर दबे परिवार के अन्य सदस्यों को देखने के लिए गए थे, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सके।

बैढ़न ट्रॉमा सेंटर में घायलों का इलाज जारी

घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम सुरेश यादव ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करा दिया था। मलबे में फंसे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित कई लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए बैढ़न ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here