मछरयाई में शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, राम दरबार लेकर पहुंचीं; एक महीने में शिफ्ट करने का मिला आश्वासन

0

हनुमान चालीसा का पाठ कर जताया विरोध, प्रशासन के लिखित भरोसे के बाद खत्म हुआ धरना; चार दिन बाद खुली शराब दुकान

सागर। मछरयाई क्षेत्र में शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय महिलाओं का विरोध बुधवार को भी जारी रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं राम दरबार लेकर शराब दुकान के बाहर पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। इस दौरान उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए दुकान को रहवासी इलाके से हटाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि वे अपने मोहल्ले में शराब दुकान का संचालन नहीं होने देंगी। उनका आरोप है कि दुकान के आसपास शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों और खासकर बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। महिलाओं ने बताया कि दुकान के आसपास मंदिर भी स्थित है और इसी मार्ग से बच्चियों का नियमित आना-जाना होता है। ऐसे में यहां शराब दुकान का संचालन उचित नहीं है।

महिलाओं के प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर पुलिस, आबकारी विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। बातचीत के दौरान प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया कि एक महीने के भीतर शराब दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इस भरोसे के बाद महिलाओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

व्यक्ति की मौत के बाद शुरू हुआ था विरोध

मछरयाई में शराब दुकान को लेकर विवाद की शुरुआत 14 नवंबर को हुई थी। बताया गया कि दुकान के बाहर शराब पीने के बाद एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय रहवासियों ने शराब दुकान को हटाने की मांग तेज कर दी थी।

विरोध के चलते पिछले तीन दिनों से दुकान का संचालन भी प्रभावित था। जब भी दुकान खोलने की कोशिश की जाती, महिलाएं और स्थानीय लोग विरोध करने पहुंच जाते थे। बुधवार को भी इसी तरह प्रदर्शन हुआ। आखिरकार प्रशासन और रहवासियों के बीच सहमति बनने तथा एक महीने में दुकान दूसरी जगह शिफ्ट करने का लिखित भरोसा मिलने के बाद मामला फिलहाल शांत हुआ। इसके साथ ही चार दिन से बंद शराब दुकान बुधवार को फिर से खुल सकी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here