घर में बिजली कनेक्शन नहीं, फिर भी 75 वर्षीय मजदूर को थमा दिया 1.39 लाख का बिल; कलेक्टर से लगाई गुहार

0

झोपड़ी में रहने वाले बुजुर्ग के नाम वर्ष 2020 से जारी हो रहा बिजली बिल, बकाया राशि जमा करने के लिए भेजे गए नोटिस; जांच के निर्देश

सागर। बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 75 वर्षीय एक बुजुर्ग मजदूर के नाम पर 1 लाख 39 हजार 232 रुपए का बिजली बिल जारी कर दिया गया, जबकि बुजुर्ग का दावा है कि उनके घर में बिजली का कनेक्शन तक नहीं है। इतना ही नहीं, बिल की राशि जमा नहीं करने पर बिजली कंपनी की ओर से उन्हें लगातार नोटिस भी भेजे जा रहे हैं। परेशान होकर मंगलवार को बुजुर्ग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई।

मामला बहेरिया साहनी निवासी दुलीचंद पिता फूलचंद सौर (75) से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के वितरण केंद्र बम्होरी ने वर्ष 2020 में उनके नाम से बिजली का बिल जारी किया था। इसके बाद 20 दिसंबर 2022 को उन्हें भुगतान के लिए नोटिस भेजा गया। अब 10 सितंबर को एक बार फिर सूचना पत्र जारी कर 1 लाख 39 हजार 232 रुपए जमा करने के लिए कहा गया है।

झोपड़ी में रहते हैं बुजुर्ग, कनेक्शन नहीं होने का दावा

दुलीचंद का कहना है कि उनके पास खुद का पक्का मकान तक नहीं है। वह गांव में एक झोपड़ी बनाकर अपना जीवन गुजार रहे हैं। उनके घर में बिजली का कनेक्शन भी नहीं है। इसके बावजूद बिजली कंपनी ने उनके नाम पर लाखों रुपए का बिल बकाया दिखा दिया है।

बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि बिजली कंपनी के कर्मचारी बिल जमा नहीं करने पर उन्हें जेल भेजने की बात कहकर डरा रहे हैं। इससे वह काफी परेशान हैं।

बिल और नोटिस रद्द करने की मांग

मामले को लेकर दुलीचंद मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर के सामने अपनी समस्या रखते हुए गलत तरीके से जारी किए गए बिजली बिल और भुगतान संबंधी सूचना पत्र को निरस्त करने की मांग की।

शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here