MP : दर्दनाक सड़क हादसा: ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, तीन की मौत

0

MP : दर्दनाक सड़क हादसा: ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को ट्रक ने कुचला, तीन की मौत

तेज रफ्तार मक्का से भरा ट्रक सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को टक्कर मारने के बाद पलटा, ढाबा संचालक समेत दो घायल; चालक गिरफ्तार

जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। शहपुरा की ओर से जबलपुर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सोनू ढाबे के सामने सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों में ढाबा संचालक भी शामिल है। दोनों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

घटना गुरुवार सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त ढाबे पर कुछ लोग खाना खा रहे थे, जबकि कुछ लोग ठंड से बचने के लिए बाहर अलाव जलाकर बैठे थे। इसी दौरान मक्का से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक वहां पहुंचा। ट्रक ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी बोलेरो, कार और पिकअप को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित वाहन ने वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया और कुछ दूरी पर जाकर पलट गया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोनू भंडारी निवासी रामपुर (गोरखपुर), बलराम सिंह निवासी मुरैना और धर्मेंद्र आदिवासी के रूप में हुई है। धर्मेंद्र ढाबे पर काम करता था। वहीं, घायलों में सोनू और ढाबा संचालक शामिल हैं।

सब इंस्पेक्टर अभिषेक कैथवास ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक का नंबर MP 20 HB 1200 है। वाहन शहपुरा से जबलपुर की तरफ आ रहा था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

चालक के नशे में होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक के नशे की हालत में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here