नशे के खिलाफ सागर में बड़ा जनआंदोलन, 35 थाना क्षेत्रों में एक साथ चला जागरूकता अभियान

0

नशे के खिलाफ सागर में बड़ा जनआंदोलन, 35 थाना क्षेत्रों में एक साथ चला जागरूकता अभियान

सागर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर श्री नरेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के दिवस-11 पर आज सागर जिले के समस्त 35 थाना क्षेत्रों में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, सागर श्री भरत सिंह राजपूत के सहयोग से शौर्य दल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समितियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं समुदाय की भागीदारी को सशक्त बनाते हुए परिवार एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर जिलेभर में जागरूकता रैलियां, शपथ कार्यक्रम, संवाद, जनसंपर्क एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

थाना गोपालगंज में थाना स्टाफ एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में उपनिरीक्षक श्री नीरज जैन के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भारती बाल्मीकि, रानी रैकवार सहित अन्य कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं एवं परिवारों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

थाना बीना क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली तथा जन-जागरूकता रैली एवं संपर्क अभियान के माध्यम से नागरिकों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

थाना सिविल लाइन अंतर्गत ग्राम बम्हौरी बीका स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-91 में सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती भारती लाड़िया, ग्राम सरपंच श्री मृगेंद्र सिंह, आशा कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं ग्रामीणजनों की उपस्थिति में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सभी उपस्थितजनों को नशा न करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।

थाना जैसीनगर क्षेत्र के ग्राम पड़रई स्थित शासकीय विद्यालय में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 150 से 200 विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

थाना भानगढ़ अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भानगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में एसडीओपी बीना के मार्गदर्शन में शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

इसी प्रकार जिले के समस्त 35 थाना क्षेत्रों में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग, शौर्य दल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समितियों तथा स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर घर-घर एवं गांव-गांव पहुंचकर नशे के विरुद्ध जनजागरण का संदेश दिया।

सागर पुलिस एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की यह संयुक्त पहल केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सहभागी बनाकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का एक सशक्त जनआंदोलन बन चुकी है। अभियान के आगामी दिनों में भी जिलेभर में इसी उत्साह के साथ विविध जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here