मातृ-शिशु मृत्यु दर घटाने पर कमिश्नर का जोर, संभाग के सभी NRC केंद्र पूरी क्षमता से चलाने के निर्देश
अनुकंपा नियुक्ति और वेतन निर्धारण के लंबित मामलों का जल्द होगा निराकरण, सीएम हेल्पलाइन की पेंडेंसी शून्य करने के भी दिए निर्देश
सागर। सागर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने और विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कमिश्नर श्री दिलीप कुमार ने अधिकारियों के साथ संभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय तथा कोष, लेखा एवं पेंशन सहित कई विभागों के कामकाज की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विभागीय कार्यों में तेजी लाने और लंबित मामलों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कमिश्नर ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देते हुए बायो मेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन और सीवेज सहित खुले नालों की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में दवा लेने के लिए मरीजों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और दवा वितरण काउंटर पर समय से दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बीएमसी में स्वीकृत यूजी-पीजी सीटों, उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों और कैंसर मरीजों को दी जा रही उपचार सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। मेडिकल कॉलेज परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे कराने के निर्देश दिए। क्रिटिकल केयर यूनिट के अंतर्गत तैयार हो रहे ऑपरेशन थिएटर की स्थिति जानकर उन्होंने निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को कहा। इसके अलावा रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने, नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने और मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए बढ़ेगी निगरानी
कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि मातृ मृत्यु और शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएं। गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एएनसी (एंटीनेटल केयर) जांच सुनिश्चित कराने के लिए उन्हें जागरूक और प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही प्रत्येक पात्र बच्चे की शत-प्रतिशत एचबीएनसी (होम बेस्ड न्यूबॉर्न केयर) सुनिश्चित करने के निर्देश संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं को दिए गए।
बैठक में एनीमिया की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों और जांच की स्थिति की भी समीक्षा हुई। कमिश्नर ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं का रिकॉर्ड, उनकी नियमित एएनसी जांच और स्वास्थ्य संबंधी निगरानी की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ट्रांजिट डेथ के मामलों को कम करने के लिए संबंधित विभाग समन्वय बनाकर ठोस कदम उठाएं।
एनआरसी में खाली न रहें बिस्तर, कुपोषित बच्चों को कराया जाए भर्ती
पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर श्री दिलीप कुमार ने स्पष्ट किया कि संभाग का कोई भी केंद्र खाली नहीं रहना चाहिए। सभी एनआरसी अपनी निर्धारित क्षमता के अनुसार संचालित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित कुपोषित बच्चों को समय पर पोषण पुनर्वास केंद्रों तक पहुंचाया जाए और भर्ती किए जाने योग्य बच्चों की सूची व जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने काम में लापरवाही बरतने वाले एनआरसी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पोषण किट वितरण की स्थिति की जानकारी लेकर सभी जिलों में पात्र हितग्राहियों तक किट पहुंचाने को कहा गया। वहीं, टीबी मरीजों की जिलेवार संख्या और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने मरीजों को उपचार का पूरा कोर्स कराने के लिए प्रेरित करने तथा बीमारी की पहचान के लिए स्क्रीनिंग कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी भवनों और पोषण योजनाओं की भी हुई समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग के कामकाज की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने विभिन्न जिलों में निर्माणाधीन और अधूरे आंगनबाड़ी भवनों की जानकारी ली। उन्होंने अधूरे निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पोषण आहार और टीएचआर (टेक होम राशन) वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। एसएएम-एमएएम श्रेणी के बच्चों की स्थिति, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जिलेवार प्रगति और मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
वृद्धाश्रम और नशा मुक्ति केंद्रों का होगा रिकॉर्ड तैयार
सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने संभाग में संचालित शासकीय और अशासकीय वृद्धाश्रमों, अनाथाश्रमों तथा नशा मुक्ति केंद्रों की जिलेवार जानकारी एकत्रित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों की सूची तैयार की जाए और जो संस्थान अभी तक पंजीकृत नहीं हैं, उनका नियमानुसार पंजीकरण कराया जाए। नशे की लत से लोगों को दूर रखने के लिए संभाग स्तर पर विशेष अभियान चलाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
लंबित नियुक्ति और वेतन निर्धारण के मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश
बैठक में पेंशन शिविरों के दौरान प्राप्त और निराकृत किए गए प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े मामले अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने चाहिए। इसी तरह वेतन निर्धारण के बकाया प्रकरणों का भी जल्द से जल्द निराकरण किया जाए, ताकि संबंधित कर्मचारियों को परेशानी न हो।
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने और पेंडेंसी शून्य तक लाने के निर्देश दिए।
बैठक में क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सागर संभाग, अधिष्ठाता बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर, संयुक्त संचालक योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी, संयुक्त संचालक कोष लेखा एवं पेंशन, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय और संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के संभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


