महापौर की चौपाल में उमड़ी भीड़, वार्डवासियों की शिकायतों पर मौके पर हुई कार्रवाई

रामपुरा-इतवारी वार्ड में महापौर की जनचौपाल, मौके पर सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

सागर, 5 अगस्त। नगर निगम सागर द्वारा संचालित “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” अभियान के तहत बुधवार को रामपुरा एवं इतवारी वार्ड में 21वां संयुक्त शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महापौर संगीता सुशील तिवारी ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।

शिविर में नागरिकों ने जलप्रदाय, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं। अधिकांश मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों के आवेदन लेकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि जनचौपाल का उद्देश्य नागरिकों को उनके वार्ड में ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि शिविरों के माध्यम से वृद्धावस्था पेंशन, कल्याणी पेंशन, संबल योजना, समग्र आईडी, राशन पर्ची, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है।

महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि जनचौपाल शिविर नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। वहीं भाजपा प्रदेश पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने कहा कि इन शिविरों से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ वार्ड की छोटी-छोटी समस्याओं का भी मौके पर समाधान हो रहा है।

शिविर में एमआईसी सदस्य संगीता शैलेष जैन एवं कंचन सोमेश जड़िया, धर्मेंद्र गुड्डा खटीक, पार्षद रानी पराग बजाज, रूबी कृष्ण कुमार पटेल, इतवारी वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शैलेष जैन, उदय चौहान, डब्बू साहू, श्रीकांत जैन, वीरेंद्र जैन, गोपाल घोशी, सुशील जैन, कौशल पहलवान, नीलेश जैन, प्रदीप भाकले, अजय जैन, उपायुक्त एस.एस. बघेल, सहायक यंत्री संजय तिवारी, इंजीनियर शिवेंद्र सिंह, राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी, योजना प्रभारी जया श्रीवास्तव, कर संग्राहक नीता श्रीवास्तव एवं आसिमा तिर्की, एनयूएलएम सिटी मैनेजर विक्रम जैन, निगम सचिव मुन्नालाल रैकवार, आसिफ खान, मंगल तिवारी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here