MP के हरदा में बंदूक से काले हिरण का शिकार, गोली की आवाज सुनकर पहुंचे किसान; शिकारी फरार

MP के हरदा में बंदूक से काले हिरण का शिकार, गोली की आवाज सुनकर पहुंचे किसान; शिकारी फरार

हंडिया वन परिक्षेत्र में खेत के पास खून से लथपथ मिली मादा हिरण की लाश, वन विभाग ने शुरू की आरोपियों की तलाश

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के हंडिया वन परिक्षेत्र में काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया है। अज्ञात शिकारियों ने बंदूक से गोली मारकर एक मादा हिरण को मौत के घाट उतार दिया। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। उस समय आसपास के खेतों में किसान सिंचाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

आवाज की दिशा में किसान टॉर्च लेकर मौके पर पहुंचे तो वहां एक मादा हिरण मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके शरीर से खून बह रहा था। किसानों को अपनी ओर आते देख शिकार में शामिल लोग मौके से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलने के बाद मंगलवार को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन परिक्षेत्र अधिकारी की मौजूदगी में मृत हिरण का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद न्यायालय से अनुमति लेकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि फसल कटने के बाद खेत खाली पड़े हैं। ऐसे में रात के समय काले हिरण और दूसरे वन्यजीव खेतों में विचरण करते हैं। खुले खेतों में आवाजाही करने वाले वन्यजीव शिकारियों के निशाने पर आसानी से आ सकते हैं।

वन परिक्षेत्र अधिकारी सीएस भिलाला ने बताया कि वन्यजीवों के शिकार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। वन विभाग के कर्मचारियों को क्षेत्र में सतर्कता बरतने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल शिकार करने वाले आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here