परिवहन विभाग की पहल: सड़क हादसों पर लगेगी लगाम, सागर में 246 ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ तैनात

0

सड़क हादसों पर लगाम के लिए 246 ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ सक्रिय

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की कमियां चिन्हित कर विभागों को देंगे सूचना, ग्रामीणों को करेंगे जागरूक

सागर। सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकने के उद्देश्य से जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम के तहत सागर जिले में 246 सड़क सुरक्षा मित्रों का चयन किया गया है। गुरुवार को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों से चयनित सुरक्षा मित्रों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सड़क सुरक्षा के चार आधारभूत स्तंभ इंजीनियरिंग, इनफोर्समेंट, एजुकेशन और इमरजेंसी केयर (4-E) की जानकारी दी गई। सुरक्षा मित्रों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क के गड्ढे, खराब सफेद पट्टी, बंद ब्लिंकर लाइट और क्षतिग्रस्त या अस्पष्ट साइन बोर्ड जैसी कमियों की जानकारी तत्काल संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से देने के निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा मित्र ग्रामीणों को हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, ओवरस्पीड से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने तथा मुख्य सड़क पर प्रवेश से पहले दोनों ओर देखकर चलने के लिए जागरूक करेंगे। साथ ही पुलिस और परिवहन विभाग की जांच एवं यातायात प्रबंधन में सहयोग करेंगे।

बैठक में राहवीर योजना और पीएम राहत योजना की जानकारी भी दी गई, ताकि सड़क हादसों में गोल्डन ऑवर के दौरान घायलों को समय पर मदद और उपचार मिल सके। सुरक्षा मित्रों को जिले में जागरूकता कार्य के लिए यात्री बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट का रियायती यात्रा पास भी प्रदान किया गया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से सागर में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने में मदद मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here