फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र से सरकारी टेंडर हासिल करने पर EOW ने ठेकेदार और फर्म पर दर्ज किया केस

फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र से सरकारी टेंडर हासिल करने का आरोप, EOW ने ठेकेदार और फर्म पर दर्ज किया केस

सागर से दमोह तक फैले मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की कार्रवाई, निवाड़ी में दो टेंडर हासिल करने के लिए दस्तावेजों में हेराफेरी का आरोप

सागर। सरकारी टेंडर हासिल करने के लिए कथित तौर पर फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र का इस्तेमाल करने के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) सागर ने ठेकेदार लखन लाल कुर्मी और उनकी फर्म जय मां अंबे कंस्ट्रक्शन, सीतानगर (दमोह) के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामला लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जुड़े कार्यों के टेंडर हासिल करने में कथित धोखाधड़ी से संबंधित है।

EOW के प्रेस नोट के अनुसार, दमोह जिले के रोहित बरौलिया की शिकायत की जांच में सामने आया कि ठेकेदार लखन प्रसाद कुर्मी ने कथित तौर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी यांत्रिकी खंड छतरपुर के नाम से हेड पंप की गिरी फंसी पाइपलाइन निकालने के कार्य का कूटरचित अनुभव प्रमाण पत्र तैयार कराया। आरोप है कि इस प्रमाण पत्र का उपयोग निवाड़ी जिले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के दो टेंडर प्राप्त करने के लिए किया गया।

जांच में शासन के साथ धोखाधड़ी किए जाने के तथ्य सामने आने पर EOW ने लखन लाल कुर्मी और उनकी फर्म के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 318(2), 336(2) और 340(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

EOW के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। विवेचना के दौरान अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here