राज्यसभा उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल आज भरेंगे नामांकन, सीएम मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं

0

राज्यसभा उम्मीदवार तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल आज भरेंगे नामांकन, सीएम मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए गए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल शनिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन से एक दिन पहले शुक्रवार को भोपाल पहुंचे तरुण चुघ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ को मुख्यमंत्री आवास लेकर पहुंचे थे। शनिवार को दोनों उम्मीदवार मध्य प्रदेश विधानसभा में रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत करेंगे।

जानकारी के अनुसार, तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल सुबह 11:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय से विधानसभा के लिए रवाना होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, कोर कमेटी के सदस्य और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

नामांकन से पूर्व दोनों प्रत्याशी भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के पितृ पुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

भाजपा एक परिवार की तरह है : तरुण चुघ

भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा प्रत्याशी तरुण चुघ ने कहा कि मध्य प्रदेश भारत का दिल है। जब मध्य प्रदेश धड़कता है तो पूरा भारत धड़कता है। प्रदेश की तरक्की ही विकसित भारत की मजबूती का आधार है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें संगठन में काम करने और आगे बढ़ने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जहां भी जिम्मेदारी सौंपी, उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ उसका निर्वहन किया।

चुघ ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है। यहां नेता अभिभावक की भूमिका निभाते हैं, जो मार्गदर्शन भी करते हैं और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन भी करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाव ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है और आगे भी संगठन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here