रात 12 बजे तक सड़कों पर ड्यूटी घर लौटकर परिवार के साथ त्योहार की तैयारी और खुशियां बांटने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर

रात 12 बजे तक सड़कों पर ड्यूटी घर लौटकर परिवार के साथ त्योहार की तैयारी और खुशियां बांटने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर

सागर। त्योहारों पर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग का अतिरिक्त सतर्कता बरतना जरूरी है। देर रात तक पुलिसकर्मियों की तैनाती इसी व्यवस्था का हिस्सा है। लेकिन इस व्यवस्था के बीच एक सवाल ऐसा भी है, जिस पर पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों को गंभीरता से विचार करना चाहिए। क्या त्योहारों के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और उनके पारिवारिक दायित्वों के बीच संतुलन बनाने की कोई व्यवस्था है?

सागर में इन दिनों त्योहारों के मद्देनजर महिला पुलिसकर्मी भी रात 12 बजे और उसके बाद तक सड़कों तथा अन्य स्थानों पर ड्यूटी करती दिखाई दे रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन सवाल यह है कि जब पूरा समाज त्योहार की तैयारियों में जुटा होता है, तब इन महिला पुलिसकर्मियों को अपने परिवार के लिए समय कब मिलेगा?

भारतीय परिवारों में तीज-त्योहारों की तैयारियों में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। घर की साफ-सफाई, पूजा-पाठ, पकवानों की तैयारी और बच्चों से लेकर परिवार के अन्य सदस्यों तक की व्यवस्थाएं अक्सर उनके जिम्मे होती हैं। खासकर विवाहित और बच्चों वाली महिला पुलिसकर्मियों के सामने यह चुनौती और बड़ी हो सकती है। देर रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर पहुंचना, फिर त्योहार की तैयारियां करना और परिवार के साथ समय बिताना आसान नहीं है।

किसी त्योहार की तैयारी करने इसके लिए कई दिन पहले से योजनाएं बनती हैं। ऐसे में यदि महिला पुलिसकर्मी लगातार देर रात तक ड्यूटी करती रहेंगी तो उनके लिए अपने घर-परिवार की जिम्मेदारियों को निभाना मुश्किल होना स्वाभाविक है। आखिर वे भी किसी की मां हैं, पत्नी हैं, बेटी हैं और अपने परिवार के त्योहार का हिस्सा हैं।

यह सवाल महिला पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से मुक्त करने का नहीं, बल्कि ड्यूटी के मानवीय और व्यावहारिक प्रबंधन का है। कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनकी जिम्मेदारी कम नहीं होनी चाहिए, लेकिन त्योहारों के दौरान ड्यूटी रोस्टर बनाते समय उनकी पारिवारिक परिस्थितियों, बच्चों और घरेलू जिम्मेदारियों का भी ध्यान रखा जा सकता है। जहां संभव हो, महिला कर्मचारियों को अपेक्षाकृत जल्दी ड्यूटी से राहत देना, शिफ्ट में बदलाव करना और रोटेशन के आधार पर तैनाती करना बेहतर व्यवस्था हो सकती है।

पुलिस विभाग से अपेक्षा है कि वह सुरक्षा व्यवस्था के साथ अपने कर्मचारियों के मानवीय पक्ष को भी समझे। क्योंकि त्योहार की रात जब शहर की सड़कों पर महिला पुलिसकर्मी दूसरों के परिवारों की सुरक्षा में तैनात हों, तब उनके अपने परिवार भी उनका इंतजार कर रहे होते हैं।

सवाल सीधा है दूसरों के घरों में त्योहार सुरक्षित और खुशहाल बनाने की जिम्मेदारी निभाने वाली इन महिला पुलिसकर्मियों को अपने घर का त्योहार मनाने का सही अवसर कब मिलेगा?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here