सागर के NH-44 पर भारी वाहनों पर पथराव, छह से ज्यादा ट्रकों के शीशे टूटे; 10 किमी लंबा जाम

गयागंज मोड़ के पास पहाड़ी से अचानक बरसने लगे पत्थर, युवक घायल; करीब दो घंटे बाद पुलिस ने खुलवाया रास्ता

सागर। ललितपुर-लखनादौन राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर शुक्रवार दोपहर कैंट थाना क्षेत्र के गयागंज मोड़ के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब पहाड़ी से गुजर रहे भारी वाहनों पर अचानक पत्थर फेंके जाने लगे। अचानक हुए पथराव से वाहन चालकों में घबराहट फैल गई और उन्होंने अपने वाहन सड़क पर ही रोक दिए।

प्रत्यक्ष रूप से सामने आई घटना के दौरान छह से अधिक भारी वाहनों की सामने की विंडशील्ड क्षतिग्रस्त हो गई। पथराव की चपेट में आने से एक युवक को भी चोट आई, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है।

बताया गया कि वाहन गयागंज मोड़ के पास से गुजर रहे थे, तभी पहाड़ी की ओर से अचानक पत्थर आने लगे। कुछ ही देर में कई वाहनों के सामने के कांच टूट गए। अचानक हुए पथराव से वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने वाहनों को रोक दिया।

घटना से नाराज चालकों ने अपने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए। इसके चलते देखते ही देखते करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में भारी वाहनों के साथ एंबुलेंस, दोपहिया और अन्य यात्री वाहन भी फंस गए।

पथराव और जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए वाहनों को व्यवस्थित कराया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद NH-44 पर यातायात दोबारा सामान्य कराया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here