सागर : खेत पर काम करने गए थे पति-बेटा, घर में अकेली महिला का कुएं में मिला शव

दोपहर में खाना लेकर खेत नहीं पहुंची तो शुरू हुई तलाश, महाराजपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

सागर। जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रायखेड़ा में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कुएं में 35 वर्षीय भूरी गौंड का शव मिला। महिला के पति संतोष गौंड और बेटे ने तलाश के दौरान कुएं में देखा तो उसका शव पानी में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। रात होने के कारण शव को देवरी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

खेत में मक्का काटने गए थे पति और बेटा

जानकारी के मुताबिक, संतोष गौंड का परिवार गांव में ही मनोज मिश्रा के खेत पर बने मकान में रहता है। इन दिनों परिवार मक्का की फसल काटने के काम में जुटा हुआ था। बुधवार सुबह चाय पीने के बाद संतोष अपने बेटे के साथ खेत में काम करने चला गया, जबकि भूरी घर पर अकेली थी।

संतोष के मुताबिक, खेत पर जाने से पहले उसकी पत्नी ने नहाने के बाद खाना तैयार कर खेत पर लाने की बात कही थी। दोपहर तक जब वह खाना लेकर नहीं पहुंची, तो परिवार को चिंता हुई।

घर पहुंचा बेटा, लेकिन नहीं मिली मां

इसी दौरान संतोष का बेटा तंबाकू का पैकेट लेने गांव गया था। वापस लौटते समय उसे भूख लगी, तो वह खाना खाने घर पहुंचा। वहां मां दिखाई नहीं दी। उसने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद वह खेत पर गया और पिता को पूरी बात बताई।

बेटे से जानकारी मिलने पर संतोष भी घर पहुंचा और पत्नी की तलाश करने लगा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो पति-पुत्र ने पास के कुएं में देखा। वहां भूरी का शव दिखाई दिया। संतोष ने बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से कुछ कमजोर थी।

पुलिस ने शुरू की मौत के कारणों की जांच

घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई की। रात हो जाने के कारण शव को देवरी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव का परीक्षण कराया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here