सागर में 20 अक्टूबर को जलेगा 51 फीट ऊंचा रावण, पीटीसी ग्राउंड में होगा दशहरा महोत्सव
शाम 7 बजे होगा रावण दहन, भजन संध्या और आकर्षक आतिशबाजी रहेगी मुख्य आकर्षण
सागर। विजयादशमी के अवसर पर सागर के पीटीसी ग्राउंड में 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। नगर निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन शाम 7 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में भजन संध्या के साथ आकर्षक आतिशबाजी भी होगी, जो महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
दशहरा महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। रावण के पुतले को भव्य स्वरूप देने के लिए 10 कारीगर पिछले पांच दिनों से जुटे हुए हैं। पुतले का ढांचा बांस, लकड़ी की बल्लियों, रस्सी और तार की मदद से तैयार किया जा रहा है। इसके बाद कागज, कपड़े, गत्ते और अन्य सजावटी सामग्रियों से इसे आकर्षक रूप दिया जा रहा है। कारीगर पुतले को अंतिम रूप देने में लगे हैं।
निगमायुक्त ने व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारी की है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने संबंधित अधिकारियों को नागरिकों की सुविधा और कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर निगम की ओर से शहरवासियों से 20 अक्टूबर को पीटीसी ग्राउंड पहुंचकर सपरिवार दशहरा महोत्सव में शामिल होने की अपील की गई है। विजयादशमी पर होने वाले रावण दहन और आतिशबाजी के साथ शहरवासी पर्व का उत्साह और उल्लास साझा कर सकेंगे।


