सागर में अग्निवीर भर्ती का जोश! चौथे दिन 575 युवाओं ने पार किया पहला पड़ाव

इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में जारी भर्ती प्रक्रिया में 10 जिलों के अभ्यर्थी ले रहे हिस्सा, 14 अक्टूबर तक चलेगी रैली

सागर। इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रही वार्षिक अग्निवीर सेना भर्ती रैली के चौथे दिन 814 अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। निर्धारित शारीरिक मानकों के बीच आयोजित दौड़ में 575 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की और भर्ती के अगले चरण के लिए पात्रता प्राप्त की।

दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को अब भर्ती प्रक्रिया के आगे के परीक्षणों से गुजरना होगा। इसमें शारीरिक प्रवीणता परीक्षण के साथ शारीरिक मापदंड की जांच, बायोमेट्रिक प्रक्रिया, दस्तावेजों का सत्यापन और मेडिकल परीक्षण शामिल हैं।

सागर में आयोजित यह अग्निवीर भर्ती रैली 14 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इसमें कुल 10 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन

भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आने-जाने में सुविधा देने के लिए विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। ट्रेन क्रमांक 01711 मकरोनिया से मुरैना के लिए शाम 6 बजे रवाना होगी। वहीं ट्रेन क्रमांक 01832 मकरोनिया से मुरैना के लिए सुबह 2.15 बजे और ट्रेन क्रमांक 01834 मकरोनिया से भिंड के लिए सुबह 3.15 बजे रवाना होगी।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से कहा है कि ट्रेन की समय-सारणी में किसी तरह का बदलाव होने पर केवल आधिकारिक सूचना को ही सही मानें। यात्रा के दौरान आवश्यक दस्तावेज भी अपने साथ रखने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन और सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर के समन्वय से पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है।

सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को सावधान करते हुए कहा है कि सेना में भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष और योग्यता के आधार पर होती है। ऐसे में किसी अनधिकृत व्यक्ति, दलाल या असामाजिक तत्व के झांसे में न आएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here