सागर में अग्निवीर भर्ती रैली का नौवां दिन सम्पन्न, 391 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए चयनित
सागर । सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर द्वारा इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के नौवें दिन अभ्यर्थियों में उत्साह और अनुशासन देखने को मिला। 01 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही इस भर्ती प्रक्रिया में युवा पूरे उत्साह और देशसेवा के जज्बे के साथ भाग ले रहे हैं। भर्ती रैली के नौवें दिन कुल 630 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। शारीरिक परीक्षा के अंतर्गत दौड़ में 391 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त कर अगले चरण के लिए जगह बनाई। इस प्रकार कुल उपस्थित अभ्यर्थियों में से 62.06 प्रतिशत अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे।
10 और 11 अक्टूबर को अग्निवीर क्लर्क/स्टोरकीपर भर्ती रैली
आगामी कार्यक्रम के तहत संपूर्ण मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर क्लर्क/स्टोरकीपर भर्ती रैली 10 एवं 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं, महिला मिलिट्री पुलिस (WMP) भर्ती रैली 14 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी।
अभ्यर्थियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था
भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए होटल पैराडाइज के पीछे स्थित शिव पार्वती मैरिज गार्डन में ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन सागर और सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर के संयुक्त समन्वय से भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा रहा है। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होती है। भर्ती प्रक्रिया में दलाली या अनुचित साधनों का कोई स्थान नहीं है। अभ्यर्थी किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या दलाल के बहकावे में न आएं और किसी के झूठे आश्वासन पर विश्वास न करें।


