सागर में जहरीली शराब से मौतों पर कांग्रेस का हल्लाबोल, मशाल लेकर सड़कों पर उतरे नेता

0

राजीव गांधी भवन से राधा तिराहे तक निकाला जुलूस, न्यायिक जांच और मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग

सागर। जिले में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों के मामले को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी भवन से कटरा, जामा मस्जिद और गुजराती बाजार होते हुए राधा तिराहे तक मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने और जहरीली शराब से हुई मौतों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि जिले में जहरीली शराब के सेवन से अब तक लगभग 37 लोगों की मौत हो चुकी है। उनका आरोप है कि वास्तविक आंकड़ा इससे अधिक हो सकता है। कई परिवारों ने डर और दबाव के कारण मौतों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की, जबकि कुछ मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

मशाल जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने 37 मौतों का हिसाब दो, अवैध शराब बंद करो और जहरीली शराब बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करो जैसे नारे लगाए।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि जहरीली शराब से 37 परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने केसली में युवक की संदिग्ध मौत और बरेठी शराब दुकान पर 1300 पेटी अवैध शराब मिलने के मामले का उल्लेख करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की।

पूर्व सांसद आनंद अहिरवार ने दोषी ठेकेदारों और आबकारी अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग उठाई।

पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि देवरी क्षेत्र में भी मौतों की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार और प्रशासन को घेरते हुए राजनीतिक टिप्पणी भी की।

अमित रामजी दुबे ने कहा कि 37 मौतें गंभीर मामला हैं। इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री जारी रहने के आरोप सामने आ रहे हैं। वहीं संगठन मंत्री रामकुमार पचौरी ने मशाल जुलूस को मृतकों को श्रद्धांजलि और प्रशासन के लिए चेतावनी बताते हुए कहा कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर मौतों की जानकारी जुटाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।

जुलूस के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, श्रीमती रेखा चौधरी, पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव, मुकुल पुरोहित, रमाकांत यादव, बाबू सिंह, बब्बू यादव, सुलेखा, राकेश राय, सिंटू कटारे, संदीप सबलोक, कमलेश तिवारी, संदीप चौधरी, सागर साहू, डॉ. किरण लता स्वामी, राहुल चौबे, शिवशंकर, गुड्डू यादव, रोशनी, वसीम खान, ताहिर खान, हेमराज रजक, नरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र राजे, निलेश अहिरवार, अवधेश तोमर, हीरालाल चौधरी, रजनी ठाकुर, आनंद हेला, रेखा सोनी, रेखा अहिरवार, महेश अहिरवार, दीनदयाल तिवारी, चक्रेश रोहित, पंकज सिंघई, जितेंद्र चौधरी, शरद पुरोहित, तोता यादव, ज्योति मालिया, मीना, पवन पटेल, साजिद राईन, फिरदौस कुरैशी, शाहनवाज कुरैशी, नौशाद अब्बासी, समीर खान, अर्चना कनोजिया, टीकाराम दीवान, सुनील ठाकुर, अजय ठाकुर, शिवराज लाड़िया, प्रेम नारायण विश्वकर्मा, आदिल रयान, अरविंद बंटी कोरी, संजय रैकवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here