सागर में स्कूली वाहनों पर परिवहन की कार्रवाई, एलपीजी किट लगी वैन सहित 4 वाहन जब्त

सागर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने शुक्रवार को शहरी क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान एलपीजी गैस किट से संचालित एक मारुति वैन, दो स्कूल बस और एक ऑटो रिक्शा सहित कुल चार वाहन जब्त किए गए।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के अनुसार, पीलीकोठी के पास वात्सल्य पब्लिक स्कूल के बच्चों को लाने-ले जाने में लगी मारुति वैन क्रमांक MP15BA2569 में क्षमता से अधिक बच्चे बैठे मिले। वाहन चालक मौके पर दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में वैन में एलपीजी गैस किट लगी मिली। निजी श्रेणी में पंजीकृत होने के बावजूद स्कूली बच्चों के परिवहन में इस्तेमाल किए जाने पर वाहन को जब्त किया गया।

इसके अलावा बिना बीमा की स्कूल बस क्रमांक MP15PA0596, बिना फिटनेस की स्कूल बस क्रमांक MP21P0268 और दस्तावेजों के बिना संचालित एक ऑटो रिक्शा भी जब्त किया गया। सभी वाहनों को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है।

विभाग के अनुसार, जांच से बचने के लिए कुछ वाहन चालकों ने रास्ता बदलने का प्रयास किया, लेकिन जांच दल ने उन्हें भी रोककर कार्रवाई की। परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे एलपीजी किट से चलने वाले या अनफिट वाहनों से बच्चों को स्कूल न भेजें। स्कूल वाहन संचालकों को फिटनेस, बीमा, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी, स्पीड गवर्नर और निर्धारित बैठक क्षमता सहित सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी गई है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here