संपत्ति विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, तीन संदिग्ध हिरासत में
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के रविशंकर वार्ड में मंगलवार शाम संपत्ति विवाद के चलते एक युवक की पाइप और रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अतुल जडिया (35) निवासी रविशंकर वार्ड के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अतुल जडिया मंगलवार शाम अपने घर के पास मौजूद थे। इसी दौरान उनके ममेरे भाइयों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पाइप और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर तब तक लाठी-डंडे और रॉड बरसाते रहे, जब तक अतुल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर नहीं गिर गए।
घटना देख आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर दूर भगा दिया। सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अतुल को उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद को लेकर घटना होना सामने आया है। मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।


