सागर में सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर के सख्त तेवर, मकरोनिया में अतिक्रमण हटाने और हेलमेट नियम लागू करने के निर्देश

सागर में सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर के सख्त तेवर, मकरोनिया में अतिक्रमण हटाने और हेलमेट नियम लागू करने के निर्देश

सागर। कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में सड़क सुरक्षा, एनकॉर्ड, नशा मुक्ति आदि से संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने पीएम राहत तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के पीड़ितों को दी जाने वाली राहत राशि के लंबित प्रकरणों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जाति प्रमाण पत्र अथवा बैंकिंग संबंधी दस्तावेजों की कमी के कारण जो भी प्रकरण लंबित हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराकर पीड़ितों को शीघ्र राहत राशि वितरित की जाए। बैठक में एडिशनल एस पी श्री जयदीप भदौरिया , लोक निर्माण विभाग अधिकारी श्री साहित्य तिवारी, सीएमएचओ डॉ देवेश पटेरिया, ट्रैफिक डीएसपी श्री मयंक चौहान, आदि सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

नशा मुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती पाल ने पुलिस, आबकारी और सामाजिक न्याय विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए तथा नशा मुक्त परिसर अभियान के अंतर्गत स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सभी सार्वजनिक एवं शासकीय भवनों के परिसरों को पूर्णतः नशा मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क सुरक्षा की समीक्षा

कलेक्टर श्रीमती पाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को शासन के निर्देशानुसार तत्काल कैशलेस इलाज उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज में आवश्यक सहयोग न देने वाले निजी अस्पतालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए, साथ ही दुर्घटना की स्थिति में एम्बुलेंस का समय पर पहुंचना भी सुनिश्चित हो।

पिछले पांच वर्षों की सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एक ही स्थान पर बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं की विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में दोपहिया वाहन से आने वाले स्टाफ एवं आमजनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया जाए तथा इस आदेश का कड़ाई से पालन हो। नेशनल हाईवे और जिले की प्रमुख सड़कों पर सघन हेलमेट ड्राइव चलाने, सड़कों से ब्लैक स्पॉट व अवैध कट खत्म करने और गड्ढों को भरने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सागर-बण्डा रोड पर मकरोनिया क्षेत्र में बन रहे रोड डिवाइडरों के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को मकरोनिया क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और मुख्य सड़कों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड लिमिट कैमरों की स्थापना संबंधी कार्ययोजना तैयार करने निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here