मकरोनिया में सड़क किनारे अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश, हेलमेट नियमों का कड़ाई से पालन कराएं- कलेक्टर

मकरोनिया में सड़क किनारे अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश, हेलमेट नियमों का कड़ाई से पालन कराएं- कलेक्टर

सागर। कलेक्ट्रेट में बुधवार को कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा, एनकॉर्ड, नशा मुक्ति सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने लंबित राहत प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और नशा मुक्ति अभियान को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री राहत तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के पीड़ितों को दी जाने वाली राहत राशि के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र या बैंकिंग संबंधी दस्तावेजों की कमी के कारण लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर पीड़ितों को जल्द राहत राशि उपलब्ध कराई जाए।

नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा के दौरान पुलिस, आबकारी और सामाजिक न्याय विभाग को आपसी समन्वय से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल सहित सभी सार्वजनिक एवं शासकीय भवनों के परिसरों को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।

सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने दुर्घटना में घायलों को शासन के निर्देशानुसार तत्काल कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इलाज में आवश्यक सहयोग नहीं करने वाले निजी अस्पतालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में एंबुलेंस के समय पर पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

पिछले पांच वर्षों के सड़क दुर्घटना आंकड़ों की समीक्षा करते हुए बार-बार दुर्घटना होने वाले स्थानों की विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालयों में दोपहिया वाहन से आने वाले स्टाफ और आमजनों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने तथा इसका कड़ाई से पालन कराने को कहा। नेशनल हाईवे और प्रमुख सड़कों पर सघन हेलमेट ड्राइव चलाने, ब्लैक स्पॉट और अवैध कट समाप्त करने तथा सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सागर-बंडा रोड के मकरोनिया क्षेत्र में बन रहे रोड डिवाइडरों के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मकरोनिया क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए स्पीड लिमिट कैमरे लगाने की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।

बैठक में एडिशनल एसपी जयदीप भदौरिया, लोक निर्माण विभाग अधिकारी साहित्य तिवारी, सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया, ट्रैफिक डीएसपी मयंक चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here