काले हिरण केस से एमपीसीए की सदस्यता तक, रमीज खान समेत 6 नए नाम संगठन में शामिल

काले हिरण केस से एमपीसीए की सदस्यता तक, रमीज खान समेत 6 नए नाम संगठन में शामिल

काले हिरण के शिकार मामले में आरोपी रहे रमीज खान अब एमपीसीए के सदस्य; संजीव दुआ, ज्योति सराफ, संजय सांखला, अतुल भार्गव और इंद्रोजी राव कदम भी सूची में शामिल

इंदौर। मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) ने अपनी सदस्यता सूची में छह नए नाम जोड़े हैं। क्रिकेट से जुड़े लोगों के साथ-साथ राजपरिवार और उद्योग जगत के प्रतिष्ठित लोगों की भागीदारी वाले संगठन की प्रबंधकारिणी समिति की बुधवार को इंदौर में बैठक हुई, जिसमें नए सदस्यों को शामिल करने पर सहमति बनी। इनमें पूर्व रणजी क्रिकेटर रमीज खान का नाम भी शामिल है, जो करीब 11 साल पहले सागर में काले हिरण के शिकार के मामले में गिरफ्तार हुए थे।

एमपीसीए की ओर से सदस्य बनाए गए नए लोगों में रमीज खान के अलावा संजीव दुआ, ज्योति सराफ, संजय सांखला, अतुल भार्गव और इंद्रोजी राव कदम शामिल हैं।

काले हिरण के शिकार के मामले में हुई थी गिरफ्तारी

रमीज खान लंबे समय तक मध्य प्रदेश रणजी टीम का हिस्सा रहे हैं और सागर संभाग का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। लगभग 11 वर्ष पहले सागर में वन विभाग ने उन्हें काले हिरण के शिकार के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप था कि शिकार किए गए हिरण को बोरे में रखकर बाइक से ले जाया जा रहा था। यह वही प्रजाति का काला हिरण बताया गया था, जिसके शिकार को लेकर अभिनेता सलमान खान भी एक चर्चित मामले में विवादों में रहे हैं।

अब बीसीसीआई पैनल में अंपायर

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रमीज खान ने अंपायरिंग को अपना करियर बनाया। फिलहाल वह बीसीसीआई के पैनल में अंपायर के तौर पर शामिल हैं। उनके परिवार का सागर संभाग में राजनीतिक प्रभाव भी माना जाता है।

एमपीसीए के सचिव सुधीर असनानी ने नए सदस्यों के चयन को लेकर कहा कि सभी लोगों को उनके योगदान और भूमिका को ध्यान में रखते हुए सदस्यता दी गई है। रमीज खान के संबंध में उन्होंने कहा कि वह पूर्व क्रिकेटर होने के साथ बीसीसीआई पैनल अंपायर भी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि काले हिरण से जुड़ा मामला अब समाप्त हो चुका है।

इन लोगों को भी मिली सदस्यता

इंदौर के संजीव दुआ को भी एमपीसीए का सदस्य बनाया गया है। वह बीसीसीआई पैनल अंपायर रह चुके हैं। एमपीसीए के चुनाव के दौरान उन्होंने एक क्लब के प्रतिनिधि के रूप में कोषाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उस समय प्रदेश संगठन के कोषाध्यक्ष का सदस्य न होना चर्चा का विषय बना था।

शिवपुरी जिला क्रिकेट संगठन के अध्यक्ष और ग्वालियर संभागीय क्रिकेट संगठन के उपाध्यक्ष संजय सांखला को भी नई सदस्यता मिली है। भोपाल के अतुल भार्गव और ग्वालियर के इंद्रोजी राव कदम को भी एमपीसीए में शामिल किया गया है।

महिला क्रिकेटर श्रेणी में इंदौर की ज्योति जैन को सदस्य बनाया गया है। ज्योति जैन मध्य प्रदेश और इंदौर विश्वविद्यालय की टीम की कप्तानी कर चुकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here