मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को मिला नया स्थायी मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने ली शपथ

0

भोपाल के लोकभवन में राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ, जस्टिस कोगजे बने हाईकोर्ट के 30वें चीफ जस्टिस

भोपाल। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित लोकभवन में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

जस्टिस कोगजे के शपथ लेने के साथ ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को करीब तीन महीने के इंतजार के बाद स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। इससे पहले जस्टिस विवेक रसिया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर हाईकोर्ट की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

जस्टिस कोगजे हाईकोर्ट के 30वें चीफ जस्टिस

जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 30वें मुख्य न्यायाधीश बने हैं। उनके नाम की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 31 अगस्त 2026 को की थी। उस समय जस्टिस कोगजे गुजरात हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी की।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री निवास पर नए मुख्य न्यायाधीश के सम्मान में लंच का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए।

जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे शुक्रवार से मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभालेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here