सागर जहरीली शराब मामले में न्यायिक जांच के आदेश, यह रिटायर्ड जज करेंगे जांच

0

सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले को लेकर सरकार ने अब न्यायिक जांच कराने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार शाम सागर पहुंचे। यहां उन्होंने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई, जांच की मौजूदा स्थिति और प्रशासन की ओर से सामने आए फीडबैक की जानकारी ली। समीक्षा के बाद उन्होंने मामले की न्यायिक जांच के निर्देश दिए।

बुधवार रात करीब 10 बजे सामने आई जानकारी के अनुसार, इस जांच की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश विष्णु प्रताप सिंह चौहान को सौंपी गई है। उनकी अध्यक्षता में होने वाली न्यायिक जांच में पूरे घटनाक्रम के अलग-अलग पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।

जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसमें किन लोगों की भूमिका रही और प्रशासनिक स्तर पर कहीं कोई लापरवाही हुई या नहीं। मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी जांच के दायरे में शामिल किए जाने की बात सामने आई है।

इस प्रकरण में सरकार पहले ही पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई कर चुकी है। अब न्यायिक जांच शुरू होने के बाद घटना में जिम्मेदारी तय करने और आगे की कार्रवाई को लेकर रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here