चार साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार, सागर पुलिस ने की कार्रवाई

0

महाराजपुर मंडी के पास ब्रिज के नीचे से पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, देवरी न्यायालय में पेशी के बाद उपजेल रहली भेजा गया

सागर। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरझामर पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के एक प्रकरण में करीब चार साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी महेश पिता राधेश्याम अग्रवाल, उम्र 30 वर्ष, निवासी राजमार्ग लोलरी, थाना सुआतला, जिला नरसिंहपुर को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर श्री नरेन्द्र सोलंकी और एसडीओपी देवरी अरुण उईके के मार्गदर्शन में गौरझामर पुलिस लगातार फरार वारंटियों की तलाश कर रही है।

मुखबिर से मिली सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस

21 सितंबर 2026 को गौरझामर पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि थाना गौरझामर के एक प्रकरण में फरार चल रहा स्थाई वारंटी महेश अग्रवाल महाराजपुर मंडी के पास ब्रिज के नीचे मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। महाराजपुर मंडी के पास ब्रिज के नीचे पहुंचकर पुलिस ने घेराबंदी की और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान महेश पिता राधेश्याम अग्रवाल के रूप में हुई।

पुलिस ने रिकॉर्ड की जांच करने पर उसके खिलाफ देवरी न्यायालय से जारी स्थाई वारंट की पुष्टि की। यह वारंट प्रकरण क्रमांक 951/08 में धारा 34 एवं 36 आबकारी अधिनियम के तहत जारी किया गया था। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार उसे गिरफ्तार कर लिया।

न्यायालय के आदेश पर रहली उपजेल भेजा

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नियमानुसार आरोपी के भतीजे अमन अग्रवाल को फोन के माध्यम से गिरफ्तारी की सूचना दी। इसके बाद महेश अग्रवाल को थाना गौरझामर लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस ने उसे माननीय न्यायालय देवरी के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद महेश अग्रवाल को उपजेल रहली में दाखिल कराया गया।

करीब चार साल से पुलिस को थी तलाश

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार स्थाई वारंटी महेश अग्रवाल आबकारी अधिनियम से जुड़े उक्त मामले में लगभग चार वर्षों से फरार चल रहा था। जिले में स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चल रहे अभियान के तहत पुलिस ऐसे फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही है।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरझामर निरीक्षक नासिर फारुकी, प्रधान आरक्षक 856 प्रमोद सोनकर और आरक्षक 734 शिवप्रताप का सराहनीय योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here