सागर में मोबाइल वापस मांगने पर पति-पत्नी पर जानलेवा हमला
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के अंबेडकर वार्ड में मोबाइल वापस मांगने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोस में रहने वाले तीन भाइयों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट कर दी। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार अंबेडकर वार्ड निवासी सीमा पति पुष्पेंद्र जाटव (37) ने शिकायत में बताया कि उनके पति ने कुछ समय पहले पड़ोस में रहने वाले अरविंद जाटव को अपना मोबाइल इस्तेमाल करने के लिए दिया था। बुधवार रात करीब 10 बजे पुष्पेंद्र ने जब अरविंद से मोबाइल वापस मांगा तो वह गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर अरविंद के भाई सुरेंद्र और सागर भी मौके पर पहुंच गए। तीनों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान किसी आरोपी ने लोहे जैसी वस्तु से सीमा के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। पुष्पेंद्र के साथ भी मारपीट की गई।
फरियादिया की शिकायत पर पुलिस ने अरविंद, सुरेंद्र और सागर जाटव के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अरविंद और सुरेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
तीसरे आरोपी सागर जाटव की तलाश जारी होने की जानकारी पुलिस ने दी है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार तीसरे आरोपी के भी पुलिस की पकड़ में आने की चर्चा है। इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।


